बृजमनगंज, महराजगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज द्वारा छोटे व्यापारियों को वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने की कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में बृजमनगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन जायसवाल ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि नगर पंचायत प्रशासन वेंडिंग जोन के नाम पर छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जबरन विस्थापन और शोषण बंद नहीं हुआ, तो व्यापारी बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन जायसवाल ने कहा कि बृजमनगंज ब्रिटिश शासनकाल का एक पुराना और ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण व्यापारिक कस्बा है। इसके बावजूद नगर पंचायत बनने के बाद से अधिकारियों द्वारा मनमाना और तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे छोटे व्यापारियों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
जायसवाल ने आरोप लगाया कि व्यापार मंडल या स्थानीय व्यापारियों की सहमति के बिना कस्बे के बाहर वेंडिंग जोन का निर्माण किया गया, जिसमें सरकारी धन का दुरुपयोग भी हुआ। अब इसी वेंडिंग जोन को सही साबित करने और अपनी गलती छिपाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन छोटे व्यापारियों को जबरन वहां भेजने का प्रयास कर रहा है। यह न केवल व्यापार को नुकसान पहुंचाएगा, बल्कि कस्बे के अस्तित्व को भी चुनौती देगा।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर पंचायत द्वारा तीन वर्ष पहले बनाए गए टैक्सी स्टैंड पर आज तक एक भी वाहन खड़ा नहीं होता। इसके बावजूद इस स्टैंड की 14 लाख रुपये में नीलामी कर कस्बे में आने-जाने वाले वाहनों से जबरन वसूली कराई जा रही है, जो स्पष्ट रूप से मनमानी को दर्शाता है।
किशन जायसवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि नगर पंचायत प्रशासन ने अपना रवैया नहीं बदला और व्यापारियों के उत्पीड़न को बंद नहीं किया, तो बाजार बंद कर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।


















