रायबरेली। जिले में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मिल एरिया थाना क्षेत्र के रतापुर चौराहा स्थित जे.एन. हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार युवती को पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन उसे उपचार के लिए जे.एन. हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल के स्टाफ द्वारा गलत इंजेक्शन लगा दिया गया, जिसके कुछ ही देर बाद युवती की हालत बिगड़ने लगी और उसकी मौत हो गई।
युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए अस्पताल संचालक और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय पर और सही उपचार किया जाता तो युवती की जान बचाई जा सकती थी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त अस्पताल में पहले भी इलाज में लापरवाही के कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे इस प्रकार की घटनाएं लगातार हो रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।


















