शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश में कर तंत्र में हुए सुधार और राजस्व संग्रहण में वृद्धि को राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि कर संग्रहण में हुई वृद्धि सरकार की नीतिगत स्पष्टता और प्रशासनिक सुधारों का परिणाम है।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल से तुलना करते हुए कहा कि वर्ष 2012–13 में राज्य का कर राजस्व लगभग ₹54,000 करोड़ था, जो वर्ष 2016–17 तक बढ़कर करीब ₹85,000 करोड़ हुआ। वर्तमान परिदृश्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2026–27 के लिए कर राजस्व का अनुमान ₹3.34 लाख करोड़ तक पहुँचने का है।
डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा पारदर्शी नीतियों, डिजिटल प्रणाली के विस्तार और राजस्व रिसाव रोकने के प्रयासों से कर संग्रहण प्रणाली अधिक जवाबदेह बनी है। उन्होंने अवैध खनन, बिजली चोरी और अन्य राजस्व हानि के मामलों पर सख्त कार्रवाई को भी इस वृद्धि का कारण बताया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान शासन व्यवस्था में प्रशासनिक सुधारों और कानून आधारित कार्यप्रणाली पर जोर दिया गया है। बढ़ते राजस्व को उन्होंने राज्य की वित्तीय मजबूती का संकेत बताया और इसे विकासोन्मुख नीतियों का परिणाम कहा।


















